


Jamshedpur. जमशेदपुर में तीन प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम में तैनात सुरक्षा गार्डों पर फर्जी लाइसेंस के आधार पर हथियार खरीदने का आरोप है. पुलिस ने तीनों गार्डों से हथियार बरामद किए हैं. हालांकि, तीनों गार्ड फरार बताये जा रहे हैं. पुलिस ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अब उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है. दरअसल, पुलिस अवर निरीक्षक अभिनव कुमार को सूचना मिली थी कि साकची के छगनलाल दयाल जी ज्वेलर्स, तनिष्क, और सेनको ज्वेलर्स में तैनात सुरक्षा गार्डों के पास फर्जी लाइसेंस पर खरीदे गए अवैध हथियार हैं.
पुलिस ने तत्काल तीनों शोरूम पर छापेमारी कर गार्डों को थाने बुलाया. पूछताछ में उन्होंने कहा कि उनके पास लाइसेंस है और उसे बाद में प्रस्तुत करेंगे. इस पर पुलिस ने उनसे लिखित बांड लेकर 10 दिनों का समय दिया और 6 जुलाई को उन्हें थाने से छोड़ दिया. लेकिन तय समयसीमा बीत जाने के बाद भी तीनों गार्ड अपने लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके और अब तक थाने नहीं पहुंचे हैं.
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पाया कि उनके द्वारा दिए गए लाइसेंस पूरी तरह फर्जी थे. इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. गार्ड लक्ष्मीकांत पांडे, कीताडीह का है. वह छगनलाल दयाल जी ज्वेलर्स में तैनात था. रामजी प्रधान मानगो के जवाहर नगर का है और वह तनिष्क में ड्यूटी कर रहा था. वहीं विनय कुमार सिंह भी जवाहर नगर, मानगो का है और सेंको ज्वेलर्स में तैनात था.
इनके पास से डबल बैरल गन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस की टीम ने तीनों के घरों में छापेमारी की, लेकिन वे सभी फरार पाए गए। साकची थाना पुलिस ने अब इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और तलाश जारी है.



