



Jamshedpur. झारखंड में मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत गणना प्रपत्र भरने में मतदाताओं की सहायता के लिए शहरी क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष शिविर शनिवार से शुरू हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रांची, धनबाद, जमशेदपुर और बोकारो जैसे शहरों में लगाए गए इन शिविरों का उद्देश्य शहरी मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्रों के वितरण में तेजी लाना, उन्हें प्रपत्र भरने और जमा करने में सहायता देना तथा पूर्व की एसआईआर मतदाता सूचियों से उनके विवरण का मिलान करने में मदद करना है।
गणना प्रक्रिया 30 जून को शुरू हुई थी और यह 29 जुलाई तक जारी रहेगी। इस दौरान बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने, उन्हें एकत्र करने और उनका सत्यापन करने का काम कर रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि जारी एसआईआर प्रक्रिया के तहत बीएलओ शुक्रवार तक झारखंड के 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 97 प्रतिशत से अधिक तक पहुंच चुके हैं। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुबोध कुमार ने शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम की मतदान केंद्र संख्या 271 से 283 और ईचागढ़ की मतदान केंद्र संख्या 329 से 334 का निरीक्षण किया। कुमार ने मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरकर 20 जुलाई तक संबंधित बीएलओ के पास जमा करने की अपील की।
मतदाता सूची का मसौदा पांच अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा, जिसके बाद चार सितंबर तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि दावों और आपत्तियों का निपटारा पांच अगस्त से तीन अक्टूबर के बीच किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को प्रकाशित होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि बीएलओ और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के रूप में नियुक्त बूथ स्तर एजेंटों (बीएलए) की तीसरी और अंतिम बैठक 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर होगी। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि अब तक 57.13 प्रतिशत से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है।


