


- ग्रामीण एसपी रह चुके IPS अधिकारी पीयूष पांडेय ने एसएसपी का संभाला पदभार, कानून-व्यवस्था पर बोले
Jamshedpur. जमशेदपुर को बुधवार को नया पुलिस कप्तान मिल गया है. आईपीएस अधिकारी पीयूष पांडेय ने एसएसपी के रूप में पदभार ग्रहण किया. उन्होंने पूर्व एसएसपी किशोर कौशल से औपचारिक रूप से चार्ज लिया. पीयूष पांडेय इससे पहले यहां ग्रामीण एसपी के रूप में कार्य कर चुके हैं. उन्होंने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि 2019 में उनकी तैनाती के दौरान लोकसभा और विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए थे. उस समय उन्हें सभी विभागों और स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला था.
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में पांडेय ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, अपराध पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि शहर में शांति और सौहार्द्र बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता से काम करेगा. वहीं पूर्व एसएसपी किशोर कौशल ने अपने कार्यकाल को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें सभी अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों का सहयोग मिला. जमशेदपुर की जनता के सहयोग से कई बड़ी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया गया.



