

Jamshedpur. सीतारामडेरा के निर्मल नगर में शुक्रवार सुबह एक छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घर के बाहर तार जला रहे युवकों को रोकना एक महिला को भारी पड़ गया. महिला का आरोप है कि युवकों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली. बीच बचाव करने आए उसके बेटे अमित कुमार के साथ मारपीट की, फिर चाकू से हमला कर दिया. आरोप है कि घायल हालत में उसे नाले में फेंक दिया गया. अमित को बचाने आए परिवार के अन्य सदस्या को भी युवकों ने डराया-धमकाया. धमकी दी कि अगर कोई बीच में आया, तो उसे जान से मार देंगे. परिजन घायल अमित को एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पीड़ित महिला का कहना है कि घर के बाहर लगे दो सीसीटीवी कैमरे घटना से पहले निकाल दिए गए. महिला को शक है कि कैमरे इसलिए हटाए गए, ताकि पूरी घटना रिकॉर्ड न हो सके. पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी सीतारामडेरा थाना पुलिस को दे दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना में शामित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

