

Jamshedpur. कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर हृदयनगर में अज्ञात चोरों ने अधिवक्ता जावेद जमाल के घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर करीब 13.95 लाख रुपये की चोरी कर ली। घटना 13-14 सितंबर की रात की है। पीड़ित के अनुसार, चोर घर से 95 हजार रुपये नकद और करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ले गए।जावेद जमाल ने पुलिस को बताया कि रात करीब तीन बजे उठने पर उन्हें आंखों में जलन महसूस हुई।
इसके बाद पिता के कमरे में पहुंचने पर स्टील की आलमारी टूटी मिली। आलमारी से नकदी के अलावा सोने की चेन, कान की बाली, नाक की कील, चांदी की पायल और चूड़ी गायब थी।थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में चेहरे पर कपड़ा बांधे पांच संदिग्ध घर में प्रवेश करते दिखे। आशंका है कि चोरों ने स्प्रे का इस्तेमाल कर परिवार के सदस्यों को बेहोश किया और वारदात को अंजाम दिया।

