


Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के कारण महिला पर हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि 15 अगस्त की रात स्थानीय महिला सुषमा कुमारी को कुछ लोगों ने डायन-बिसाही कहकर उसके घर में घुसकर मारपीट की. रविवार को पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
जानकारी के अनुसार संदीप शर्मा, गुड़िया कुमारी, रिंकी कुमारी, पिंकी कुमारी, अर्चना कुमारी और संगीता देवी नामक छह लोग पीड़िता के घर पहुंचे. इन लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर महिला पर हमला कर दिया. शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हो सकी.
घटना से आहत सुषमा कुमारी ने मानगो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभी छह आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि अंधविश्वास के नाम पर महिला उत्पीड़न गंभीर अपराध है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.



