


Jamshedpur. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सोमवार को जेईई मेन 2026 (सेशन-1 और सेशन-2) का संयुक्त परिणाम जारी कर दिया। इस साल 16,04,854 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिनमें 95% यानी 15,38,468 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें कुल 26 छात्रों ने 100 पर्सेटाइल हासिल किया, जिसमें आंध्र और तेलंगाना के 5-5 और राजस्थान के 4 छात्रों का सबसे ज्यादा दबदबा रहा। झारखंड में रांची की वैष्णवी कुमारी 99.977 पसेंटाइल के साथ स्टेट टॉपर बनी हैं। उनकी ऑल इंडिया रैंक 426 है। हालांकि वैष्णवी ने सेशन-2 की परीक्षा नहीं दी थी।
शहर के मुकुल महतो ने अपनी कड़ी मेहनत से न केवल अपने परिवार का सिर फख्र से ऊंचा किया है, बल्कि 99.96 पर्सेंटाइल स्कोर के साथ जमशेदपुर के सिटी टॉपर बनने का गौरव भी हासिल किया है।
मुकुल महतो की इस ऐतिहासिक सफलता ने उन्हें अखिल भारतीय स्तर (AIR) पर 620वीं रैंक दिलाई है।
शहर के मेधावी छात्रों के बीच इस बार जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। मुकुल के बाद सार्थक सिंह ने 99.928 पर्सेंटाइल स्कोर किया और ऑल इंडिया स्तर पर 1222वीं रैंक प्राप्त कर शहर के दूसरे टॉपर बने। वहीं, अभिनव आदित्य ने 99.79 पर्सेंटाइल के साथ शहर में तीसरा स्थान हासिल किया। अयान सिंह 4446वीं रैंक के साथ शहर के चौथे टॉपर बने, जबकि प्रांशु वर्मा ने 99.721 पर्सेंटाइल और 4563वीं रैंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।
इसके अलावा, सोहम डोलू (5363वीं रैंक) छठे, अक्षत अग्रवाल (6421वीं रैंक और 99.606 पर्सेंटाइल) सातवें और करण यादव (6430वीं रैंक और 99.60 पर्सेंटाइल) आठवें स्थान पर रहे। शहर के ‘टॉप टेन’ क्लब में प्रत्युष मिश्रा (7637वीं रैंक) नौवें और नमन अग्रवाल (7771वीं रैंक) दसवें स्थान पर जगह बनाने में सफल रहे।



