Dumka. झारखंड के दुमका जिले में प्रस्तावित कोयला खदान का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया, जिसमें कम से कम 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार देर रात शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रदर्शनकारियों ने कोयला खदान के सर्वेक्षण दल के एक सदस्य को बंधक बना लिया है। इसके बाद पुलिस उसे छुड़ाने के लिए मौके पर पहुंची थी।

शिकारीपाड़ा थाने के प्रभारी अमित लकड़ा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘इस झड़प में कम से कम 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें से दो के सिर में चोटें आई हैं और उनका दुमका सदर अस्पताल में उपचार हो रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा कोयला खदान के सर्वेक्षण दल के एक सदस्य को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम कल्याणपुर इलाके में गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘जब पुलिस टीम सर्वेक्षण दल के सदस्य को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाने पहुंची, तो झड़प शुरू हो गई। लकड़ा ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

