


Medninagar. पलामू जिले के पांकी की आसेहार पंचायत के कुसड़ी गांव पुरानी बथान टोला में डायन-बिसाही के शक में दंपती और उनके बेटे की हत्या कर दी गयी. मृतकों में विजय भुइंया, पत्नी कलिया देवी और छोटू भुइंया शामिल हैं. वहीं पुत्री ममता और बहू नीतू देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घटना रविवार की सुबह करीब छह बजे की है. हत्याकांड के बाद आरोपी प्रमोद भुइयां व रवींद्र भुइयां भाग गये. दोनों आरोपी सगे भाई हैं और उनको अपने पिता महेश भुइयां की मौत के पीछे डायन बिसाही किये जाने का शक था.
घायलों को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के भर्ती कराया गया. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. कुसड़ी गांव पुरानी बथान टोला के महेश भुइयां का शनिवार की रात्रि में निधन हो गया था. परिजनों को शक था कि डायन-बिसाही के कारण उनकी मौत हो गयी. इसके बाद रविवार की सुबह में घटना को तब अंजाम दिया गया, जब विजय भुइयां घर के सामने परिवार के साथ आग ताप रहे थे. मौके पर महेश भुइयां के दोनों पुत्रों ने तेज धारदार हथियार से अचानक हमला कर दिया.



