


Chatra. चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के चिलोई गांव स्थित बरवाटोला में शुक्रवार को भूमि विवाद में विधवा कुंती देवी को डायन बिसाही बताकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गयी. इसके बाद शव गांव से तीन किमी दूर स्थित चरगिदवा जंगल में फेंक दिया गया. घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह सदल बल उक्त जंगल में गये और शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
मृतका के भाई जगदीश गंझू ने हत्या का आरोप बहन के गोतिया पर लगाया है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उनकी बहन गांव की महिलाओं के साथ जलावन की लकड़ी लाने जंगल गयी थी. वह जब जंगल से लकड़ी लेकर घर लौट रही थी, तब उसके साथ आ रही गांव की महिलाएं आगे बढ़ गयीं. इसी बीच घात लगाकर बैठे हत्यारों ने टांगी से वार कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसके शव को जंगल में फेंक दिया. मृतका कुंती देवी की दो पुत्री जसमतिया कुमारी, राजमतिया कुमारी व एक पुत्र सुशील कुमार है. दो वर्ष पूर्व मृतका के पति नारायण गंझु की मौत बीमारी के कारण़ हो गयी थी. इस संबंध में थाना प्रभारी ने कहा कि मृतका के भाई के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया हैं. आगे की कार्रवाई की जा रही है.



