


Ranchi. रिश्वत लेने के मामले में कार्यपालक अभियंता सनोत सोरेन को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया. उसकी गिरफ्तारी गुरुवार की शाम ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यालय से हुई. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उसे साथ लेकर हरमू-कडरू रोड स्थित उसके आवास पहुंची. यहां पर तलाशी के दौरान कुल 16,89,500 रुपये बरामद किये गये. बरामद रुपये के संबंध में सनोत सोरेन कोई जानकारी नहीं दे पाये. इस कारण उक्त राशि जब्त कर ली गयी है.
एसीबी के अधिकारियों के अनुसार, एक ठेकेदार ने टोली से टाटी स्कूल वाया गुटीदीह प्रखंड जोन्हा में 1.5 किलोमीटर सड़क निर्माण कराया था. यह कार्य दिसंबर 2024 में पूरा हो चुका था. फरवरी 2025 में मापन पुस्तिका कार्यपालक अभियंता के कार्यालय में प्रस्तुत की गयी थी. सड़क निर्माण के एवज में 19 लाख रुपये का बिल दिया गया था. इसके बावजूद ठेकेदार को भुगतान नहीं किया गया था. आरोपी अभियंता सनोत सोरेन द्वारा बिल पास करने के एवज में तीन प्रतिशत रिश्वत की मांग की जा रही थी.
ठेकेदार रिश्वत देकर काम नहीं करवाना चाहते थे. इस वजह से उसने इसकी शिकायत एसीबी से की थी. शिकायत के आधार पर जब एसीबी ने मामले का सत्यापन किया, तब रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया . जांच के आधार पर एसीबी ने बुधवार को केस दर्ज किया था. इसके बाद पुलिस ने योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत देने के लिए लिए भेजा गया. जिसके बाद एसीबी की टीम ने छापेमारी कर आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है.



