


Giridih. गिरिडीह जिले के बगोदर में बीती रात भीषण सड़क हादसा हुआ है.यहां तेज रफ्तार कार ने पेड़ में जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है. घटना बगोदर थाना क्षेत्र के बगोदर-सरिया रोड पर अम्बाडीह मोड़ के पास की है. मिली जानकारी के अनुसार, मरने वाले छोटकी सरिया के रहने वाले 37 वर्षीय आशीष कुमार बर्णवाल, उनकी पत्नी 30 वर्षीय श्वेता बर्णवाल और डेढ़ साल का बेटा पलटू शामिल है. जानकारी के अनुसार, परिवार रांची से गिरिडीह के सरिया जा रहा था. इसी दौरान अम्बाडीह मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकराई गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस सदलबल मौके पर पहुंचे. कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को कार से बाहर निकाला गया. आनन-फानन में सभी को बगोदर सीएचसी ट्रॉमा सेंटर लाया गया लेकिन तब-तक श्वेता बर्णवाल और मासूम पलटू की मौत हो चुकी थी.



