


Ranchi. झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन शुक्रवार को उन प्रख्यात हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यवाही स्थगित कर दी गई, जिनका हाल ही में हुआ था. अब सदन की कार्यवाही सोमवार को होगी और 11 दिसंबर को सत्र समाप्त होगा. इस सत्र में पांच कार्य दिवस निर्धारित हैं. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि सत्र के दौरान वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दूसरा अनुपूरक बजट और कुछ विधेयक पेश किए जाएंगे.
उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि सभी सदस्य सत्र के दौरान सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाएंगे. हमारी चर्चाएं और निर्णय तभी सार्थक होंगे, जब वे आम लोगों के जीवन में सुधार लाएंगे. विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि शुक्रवार को कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक निर्धारित है. सदन के सदस्यों ने हाल ही में दिवंगत हुए नेताओं, कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा. बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र, गोवर्धन असरानी और पंकज धीर को भी श्रद्धांजलि दी गई.
सदन के सदस्यों ने दिल्ली में लाल किले के पास बम विस्फोट में हुई मौतों पर भी शोक जताया. महतो ने आगामी शीतकालीन सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के मकसद से बृहस्पतिवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी. बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर और अन्य नेता शामिल हुए. किशोर ने कहा, सर्वदलीय बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सत्र के निर्धारित कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.



