
Hazaribag. झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही इलाके में एक बैंक की शाखा में लूटपाट करने के तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से लगभग एक किलोग्राम सोना जब्त किया गया है। झारखंड पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 24 अप्रैल को बरही पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक सरकारी बैंक की शाखा में प्रबंधक और चार कर्मचारियों को बंदूक का भय दिखाकर और बंधक बनाकर लगभग 3.9 किलोग्राम सोना और नकदी लूट ली गई।
उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (यूपी-एसटीएफ)की मदद से वाराणसी में सारनाथ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजभर गांव के पास से सौरभ कुमार यादव, मोहम्मद अफजल और कथित सरगना पंकज सिंह को गिरफ्तार किया गया
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से 1.28 करोड़ रुपये मूल्य का 912.22 ग्राम सोना और 20 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार ने बताया, ‘‘हमने यूपी एसटीएफ की मदद से उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से तीन अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से बैंक लूटने में इस्तेमाल की गई एक एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल), दो मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
कुमार ने बताया, ‘‘हमने उनके द्वारा बैंक खाते में अंतरित किए गए छह लाख रुपये ‘फ्रीज’ कर दिए हैं। तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है और कई राज्यों में उनके खिलाफ कई मामले लंबित हैं।’’
उसने दावा किया कि पूछताछ के दौरान, आरोपी ने दो अन्य साथियों की पहचान उजागर की और बताया कि लूटा गया शेष सोना और नकदी उनके पास है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
