


Ranchi.झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की अनुदान मांग पर चर्चा के दौरान भाजपा विधायकों की ओर से डॉ इरफान अंसारी की डिग्री पर सवाल उठाया गया. इसके जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जब मैं एमबीबीएस की डिग्री लेकर आया था, तब एमसीआइ क्लियरेंस देती थी. मैं इसे सार्वजनिक कर सकता हूं. लेकिन भाजपा के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, निशिकांत दूबे और स्मृति इरानी की डिग्री सार्वजनिक करायें.
इससे पहले भाजपा विधायक ने डॉ इरफान अंसारी की डिग्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि फर्जी डिग्री लेने लोग रूस व यूक्रेन जाते हैं. यहीं से डिग्री लेकर डॉ अंसारी आला लगा कर घुमते रहते हैं. यहां तो नीट की परीक्षा पास करने के बाद डॉक्टर की डिग्री मिलती है. उन्होंने बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर झारखंड नहीं होता तो बाबूलाल मरांडी का उदय नहीं होता.
बाबूलाल मरांडी को झारखंड संवारने का मौका मिला था, लेकिन इन्होंने कमजोर नींव रखी. उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन ने धोखा देने का काम किया. मुझे सरकार गिराने की साजिश में फंसाने का काम किया गया, लेकिन सीएम हेमंत सोरेन ने अपने हनुमान पर भरोसा किया. कहा कि हेमंत सोरेन झारखंड के राम हैं. वह शाहरुख खान की तरह चमकते हैं. क्योंकि अंदर से साफ हैं.



