


Ranchi. रांची के उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने राज्य की राजधानी में स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल के अधीक्षक द्वारा एक महिला कैदी के कथित यौन शोषण की जांच के लिए सोमवार को तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। भजंत्री ने बताया कि जांच समिति का नेतृत्व अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (कानून-व्यवस्था) करेंगे और इसमें जिला सामाजिक कल्याण अधिकारी (डीएसडब्ल्यूओ) और एक महिला चिकित्सा अधिकारी शामिल होंगी।
उपायुक्त ने कहा, वे मामले के सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसी बीच, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने सोमवार को रांची में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बिरसा मुंडा जेल में एक महिला कैदी के साथ कथित यौन शोषण के मामले में न्यायिक जांच की मांग की।साह ने कहा, बिरसा मुंडा जेल के अधीक्षक कुमार चंद्रशेखर एक आदतन अपराधी हैं, जिन पर अतीत में लगातार गंभीर आरोप लगते रहे हैं।



