


Godda . गोड्डा जिले के एक मदरसे में 14 साल की लड़की का शव फंदे से लटका मिला. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. लड़की महागामा क्षेत्र में स्थित इस्लामी शिक्षण संस्थान की छात्रा थी. पीड़िता के परिवार का आरोप है कि मदरसे के मौलवी ने उसके साथ बलात्कार किया, जिसके कारण उसने अपनी जान दे दी. अब्दुल रज्जाक (60) नामक मौलवी ने सुबह करीब सात बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी. महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. आजाद ने कहा, हम केवल आरोपों के आधार पर निर्णय नहीं ले रहे हैं,
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करेंगे ताकि पता चल सके कि यह आत्महत्या थी या कुछ और. प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. एसडीपीओ ने कहा कि पीड़ित परिवार ने अब तक किसी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. स्थानीय कांग्रेस विधायक एवं राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने घटना की उचित जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
लड़की के मामा ने यह आरोप लगाया
लड़की के मामा ने आरोप लगाया कि मौलवी ने उसका यौन उत्पीड़न किया. उन्होंने कहा कि उसका शव कमरे से निकालकर दूसरी जगह क्यों रखा गया? गालों पर चोट के निशान हैं. हमें शक है कि मौलवी ने उसका यौन उत्पीड़न किया होगा, जिसके कारण उसने आत्महत्या की. उन्होंने दावा किया कि मौलवी पर पहले भी इसी तरह के आरोप लग चुके हैं.



