


Sahibgunj. साहिबगंज जिले में रविवार की शाम इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के संचालक की हत्या कर दी गयी. दो नकाबपोश अपराधियों ने दुकान में घुसकर संजीव कुमार गुप्ता उर्फ गुड्डू कुमार गुप्ता को गोली मार दी. यह घटना शाम करीब 7:45 बजे की बताई जा रही है. दो नकाबपोश युवक बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे. उन्होंने ग्राहक बनकर पहले पंखा दिखाने को कहा.
इस दौरान एक युवक ने अचानक पिस्तौल निकाली और काउंटर पर बैठे संजीव कुमार गुप्ता के सीने में सटाकर गोली चला दी. गोली लगते ही संजीव कुमार कुर्सी से उठे और दुकान के गेट पर आकर गिर पड़े. आनन-फानन में परिजन और आसपास के लोग उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की पूरी तस्वीर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है.



