


Hazaribag. झारखंड के हजारीबाग जिले में एक महिला की कथित तौर पर हत्या करने को लेकर उसके पति और ससुर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 26 अप्रैल को केरेडारी थाना क्षेत्र में कोलाय के पास मंजू देवी (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, 27 अप्रैल को मंजू के पति विकास कुमार प्रजापति (25) के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया था।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया, हमने मृतका के पति और ससुर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, विकास ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के कारण परिवार में लगातार कलह हो रही थी और इस मुद्दे को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी। उन्होंने बताया, इसी कारण विकास ने अपने पिता नरेश प्रजापति (58) और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी।



