


Ranchi. राज्य सरकार ने 1990 बैच के आइपीएस सीआइडी डीजी अनुराग गुप्ता को झारखंड का डीजीपी बनाया है. पहले श्री गुप्ता प्रभारी डीजीपी थे. इनके पास एसीबी चीफ का भी अतिरिक्त प्रभार था. अब दोनों अतिरिक्त प्रभार उनके पास नहीं रहेगा. डीजीपी के रूप में इनका कार्यकाल 26 जुलाई 2024 से दो साल के लिए होगा. जारी अधिसूचना में कहा गया है कि डीजीपी झारखंड के पद पर श्री गुप्ता का कार्यकाल महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक झारखंड (पुलिस बल प्रमुख) का चयन एवं नियुक्ति नियमावली, 2025 के नियम-10(1) के अनुरूप होगा.
उल्लेखनीय है कि अनुराग गुप्ता को वर्ष 2022 में सरकार ने डीजी रैंक में प्रोन्नति दी थी. प्रोन्नति मिलने के बाद वह डीजी ट्रेनिंग के पद पर पदस्थापित रहे. 26 जुलाई 2024 को सरकार ने उन्हें झारखंड का प्रभारी डीजीपी बनाया था. विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग के निर्देश पर 1980 बैच के आइपीएस अजय कुमार सिंह को डीजीपी बनाया गया था. इसके बाद 28 नवंबर को सरकार ने अनुराग गुप्ता को फिर से प्रभारी डीजीपी बनाया था.



