


Bokaro.चंदनकियारी प्रखंड के गम्हरिया गांव में मंगलवार दोपहर 12 बजे तालाब में नहाने के दौरान मां, उनकी दो नाबालिग बेटियों समेत चार लोगों की डूबकर मौत हो गयी. मृतकों में एक वृद्धा भी शामिल है. मृत लोगों में बोकारो जिला परिषद कार्यालय में क्लर्क दिनेश दास की पत्नी लता दास (33), उनकी बड़ी पुत्री 14 वर्षीया शिखा किशोर और छोटी पुत्री नौ वर्षीया तन्वी किशोर शामिल हैं. ग्रामीण सुधीर दास की 56 वर्षीया पत्नी शांति देवी की भी डूबने से मौत हो गयी. दिनेश दास का परिवार गर्मी की छुट्टियां मनाने व शादी समारोह में शामिल होने गांव आया था.
परिजन के अनुसार, शिखा डीपीएस मामरकूदर में क्लास नौवीं की छात्रा थी. वहीं तन्वी रामकृष्ण विद्या मंदिर चास में क्लास पांचवीं में पढ़ती थी. दिनेश दास परिवार के साथ बोकारो में ही रहते हैं. घटना के समय वह कार्यालय में थे. दिनेश के पुत्र प्रेम किशोर ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी. इसके बाद वह गम्हरिया अपने घर पहुंचे. बताया जाता है कि लता दास तालाब में कपड़े धोने गयी थी. उनके साथ उनकी दो पुत्रियां भी थीं. कपड़े धोने के बाद मां-बेटियां नहाने लगीं. तालाब के उसी घाट पर शांति देवी भी नहा रही थीं. नहाने के क्रम में सभी एक-एक कर डूबते चले गये. परिजनों ने आशंका जतायी है कि सभी बचाने के क्रम में गहरे पानी में डूब गये होंगे. ग्रामीण डूबे लाेगों को तालाब से निकाल कर पुरुलिया इलाज के लिए ले गये. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया.



