


Gumla.गुमला जिले के कामडारा थाना स्थित कारीचुंवा अंबाटोली गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आयी है. यहां जमीन विवाद में भतीजा ने चाचा व चाची की टांगी से काट कर हत्या कर दी. मृतकों में थादियुस कुल्लू व सिलविया कुल्लू है. घटना की जानकारी मिलते ही कामडारा थाना प्रभारी शशिप्रकाश घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी अरविंद कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया. वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर वर्ष 2023 में भी विवाद हुआ था.
इसके बाद से रंजिश बढ़ गयी थी. रविवार को दोपहर बाद थादियुस कुल्लू के घर के समीप महिला मंडल की बैठक चल रही थी. वहीं समीप में मृतक थादियुस भी बैठा हुआ था. इस बीच भतीजा टांगी लेकर वहां पहुंचा और अपने चाचा पर वार करने लगा. अपने पति पर हुए हमले को देख पत्नी सिलविया बीच-बचाव करने पहुंची, तो भतीजा ने उस की भी टांगी से वार कर हत्या कर दी. सूचना पर पहुंची कामडारा पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.



