


Ranchi. झारखंड हाइकोर्ट व राज्य भर के सिविल कोर्ट में 30 आइटी प्रोफेशनल्स नियुक्त किये जायेंगे. यह नियुक्ति संविदा के आधार पर की जायेगी. इसके लिए झारखंड हाइकोर्ट की ओर से तकनीकी योग्यता रखनेवाले इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगा गया है. ऑनलाइन आवेदन 15 अप्रैल से शुरू होगा. 28 अप्रैल तक आवेदन किया जा सकेगा. सिस्टम ऑफिसर के 18 पद, सीनियर प्रोग्रामर के एक तथा सिस्टम असिस्टेंट के 11 पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति की जायेगी.
सिस्टम ऑफिसर व सीनियर प्रोग्रामर की संविदा अवधि 31 मार्च 2026 होगी, जबकि सिस्टम असिस्टेंट के लिए संविदा की अवधि एक वर्ष रहेगी. नियुक्त होने के बाद सिस्टम ऑफिसर व सीनियर प्रोग्रामर को 50,500 रुपये तथा सिस्टम असिस्टेंट को 38,110 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे. उक्त पदों पर आवेदनकर्ताओं को साक्षात्कार से गुजरना होगा. साक्षात्कार पर 20 अंक, शैक्षणिक योग्यता पर 5 अंक व अनुभव पर पांच अंक समेत कुल 30 अंक रखे गये हैं. क्वालिफाइंग के लिए 15 अंक लाने होंगे. साक्षात्कार में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को बुलाने पर किसी प्रकार का टीए/डीए नहीं मिलेगा.



