


Medninagar.पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान मां और नवजात की मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना पांकी में संचालित डॉ. किरण सिंह अस्पताल में हुई, जहां कोनवाई गांव की 27 वर्षीय ममता देवी को प्रसव पीड़ा के बाद भर्ती कराया गया था. ममता देवी के पति सोनू कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह जब उनकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई, तो वह तुरंत उन्हें पांकी स्थित अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड जांच और कुछ दवाइयां लिखने के बाद ममता को भर्ती कर लिया.
परिजनों का कहना है कि महिला की हालत लगातार बिगड़ रही थी. इसके बावजूद उन्होंने जब बार-बार मेदिनीनगर रेफर करने की गुहार लगाई, तो डॉक्टरों ने हर बार इनकार कर दिया. रात करीब एक बजे अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को ममता देवी की मौत की सूचना दी. इसके साथ ही नवजात की भी मौत हो गई.
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर नशे की हालत में थे और अस्पताल में समुचित व्यवस्था नहीं थी. यही कारण है कि जच्चा-बच्चा दोनों की जान चली गई.



