


Ranchi. नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए पुलिस मुख्यालय आइजी अभियान डॉ माइकल राज एस ने सभी जिलों के एसपी को पत्र लिखा है. इसमें कहा गया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के लिए जिलों में अतिरिक्त बलों की आवश्यकता है. इसके साथ ही अतिरिक्त होमगार्ड के जवानों को भी चुनाव ड्यूटी में लगाने के लिए इसकी समीक्षा की जाये. प्रत्येक जिला के स्तर पर चुनाव के दौरान कुल अतिरिक्त कितने बलों की आवश्यकता होगी,
इसकी समीक्षा कर पुलिस मुख्यालय को एक रिपोर्ट उपलब्ध करायी जाये, ताकि पुलिस मुख्यालय के स्तर से अतिरिक्त बल प्रदान करने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.जिलों में अतिरिक्त बलों की आवश्यकता के मद्देनजर समीक्षा शुरू कर दी गयी है. यह समीक्षा मतदान केंद्र के हिसाब से की जा रही है. इसके अलावा मतदान केंद्र की संवेदनशीलता के हिसाब से किस तरह से फोर्स की आवश्यकता होगी, इसकी भी समीक्षा की जा रही है.



