
Ranchi. झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने सहायक आचार्य के कुल 7,299 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इनमें पारा शिक्षक कोटि के लिए 6,101 नियमित और 1,198 बैकलॉग पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई से शुरू होगी, जो 30 अगस्त तक चलेगी।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 1 सितंबर तक परीक्षा शुल्क का भुगतान कर सकेंगे तथा फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने की सुविधा भी इसी दिन तक उपलब्ध रहेगी। आवेदन पत्र का प्रिंटआउट 3 सितंबर तक निकाला जा सकेगा, जबकि आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 5 से 7 सितंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत पहली से पांचवीं कक्षा तक के इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य के कुल 2,756 पदों पर नियुक्ति होगी। इनमें 1,909 नियमित और 847 बैकलॉग पद शामिल हैं। वहीं, छठी से आठवीं कक्षा के लिए स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के कुल 4,543 पदों पर भर्ती की जाएगी।
स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के भाषा विषय में 1,868 नियमित और 19 बैकलॉग पदों पर नियुक्ति होगी। सामाजिक विज्ञान विषय में 660 नियमित तथा 248 बैकलॉग पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं विज्ञान-गणित विषय में 1,664 नियमित और 84 बैकलॉग पदों पर भर्ती की जाएगी।
यह भर्ती सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश के बाद हो रही है, जिसमें राज्य सरकार को विशेष परीक्षा आयोजित कर पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित पदों पर नियुक्ति करने को कहा गया था। सहायक आचार्य के कुल पदों में 50 प्रतिशत पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में पद लंबे समय से रिक्त हैं।
जेएसएससी ने स्पष्ट किया है कि नियमित और बैकलॉग दोनों श्रेणियों की नियुक्तियों के लिए अभ्यर्थियों के पास राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होना अनिवार्य है। इसके साथ ही संबंधित कक्षाओं के लिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा। हालांकि, केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) या अन्य राज्यों की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी इस प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे।
