Jamshedpur. चक्रधरपुर मंडल में रेल पटरियों के पास हाथियों के झुंड की आवाजाही के कारण कई ट्रेनें बाधित हो गईं. अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम ओडिशा के सोनाखान-सोग्रा रेलखंड के पास हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद रेल सेवाएं प्रभावित हुईं. उन्होंने बताया कि इसके बाद सतर्कता आदेश जारी कर ट्रेनों की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित करने या उनकी आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों के मुताबिक, ये निर्देश शुक्रवार शाम छह बजे से शनिवार सुबह छह बजे तक लागू रहे.

प्रभावित ट्रेन सेवाओं में पोरबंदर-शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस, मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)-हावड़ा मेल, तपस्विनी एक्सप्रेस, अलाप्पुझा एक्सप्रेस, राउरकेला इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, गीतांजलि एक्सप्रेस और हटिया-पुणे एक्सप्रेस शामिल थीं. अधिकारियों ने बताया कि इस कारण यात्री ट्रेनें औसतन सात मिनट की देरी से चलीं.


