


Latehar. झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक पूर्व जवान की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पहचान ओडिशा के पुरी जिले के शेख सदाकत अली (50) के रूप में हुई है, जिन्होंने बीमारी के कारण लगभग चार साल पहले पुलिस बल से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी और तब से फलों का व्यापार कर रहे थे। एसडीपीओ (बालुमाथ) विनोद रवानी ने बताया कि उनका शव 10 मई को बरियातु पुलिस थाना क्षेत्र के भीतर राष्ट्रीय राजमार्ग-22 से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक पुल के नीचे से बरामद किया गया था। आरोपियों की पहचान लोहरदगा जिले के इकबाल अंसारी (30) और अवध कुमार साहू के रूप में हुई है।
रवानी ने कहा, पूछताछ के दौरान, दोनों ने बताया कि उन्होंने जानबूझकर पीड़ित को निशाना बनाया ताकि उसकी पिकअप वैन और फलों की खेप को लूट सकें, जिसे वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज ले जा रहा था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पीड़ित को पहले से जानते थे क्योंकि उन्होंने पहले लोहरदगा के कुडू इलाके में उसके वाहन की मरम्मत की थी। उन्होंने कहा, घटना वाले दिन तीनों ने शराब पी रखी थी। जब पीड़ित नशे में चूर हो गया, तो उन्होंने तौलिये से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी,
उसकी कलाई काट दी और शव को पुल के नीचे फेंक दिया। एसडीपीओ ने बताया कि जांच में पता चला कि पीड़ित की आखिरी पोस्टिंग झारखंड के गुमला जिले में थी, और उन्होंने बताया कि पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




