Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Weather: आकाशीय बिजली गिरने से पांच महिलाओं की मौत, चार अन्य झुलसे

Ranchi झारखंड के रामगढ़ और गोड्डा जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से पांच महिलाओं की मौत हो गई जबकि चार अन्य झुलस गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले पांच लोगों में से तीन रामगढ़ के पतरातू प्रखंड के थे और जबकि दो गोड्डा ज़िले के बसंतराय प्रखंड के महेशपुर-रामपुर गांव के निवासी थे। उन्होंने बताया कि आकशीय बिजली की चपेट में आईं महिलाएं हादसे के समय धान की रोपाई कर रही थीं। पतरातू पुलिस थाने के प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”रामगढ़ के दो गांवों में आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। इनकी पहचान सकुल गांव निवासी रेखा देवी (45) और रोशनी कुमारी (21) तथा पलानी गांव निवासी सुशांति देवी (34) के तौर पर हुई है।” उन्होंने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया है।

गुप्ता ने बताया कि ज़िले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलसे दो लोगों की पहचान सुनीता देवी (27) और कंचन कुमार (17) के तौर पर की गई है। बसंतराय पुलिस थाने के प्रभारी रामदेव वर्मा ने बताया, ”गोड्डा में डर्मा क्रॉसिंग के पास दक्षिण बहियार इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामपुर गांव की किरण देवी (50) और जहाजकिट्टा गांव की अनीता देवी (52) के तौर पर हुई है।

अधिकारी ने बताया कि गोड्डा में आकाशीय बिजली से झुलसे लोगों की पहचान किरण देवी की रिश्तेदार रेखा देवी के तौर पर हुई है, जबकि दूसरे की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजा गया।

Exit mobile version