


Ranchi. झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के शारीरिक दक्षता परीक्षण का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है. इसमें 1,48,054 अभ्यर्थी सफल घोषित किये गये हैं. वहीं विभिन्न कारणों से 84 अभ्यर्थियों का रिजल्ट लंबित रखा गया है. सफल घोषित अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 90 दिनों में ली जायेगी. इस संबंध में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के परीक्षा नियंत्रक की ओर से आवश्यक सूचना जारी की गयी है. 583 पदों पर उत्पाद सिपाही की नियुक्ति के लिए वर्ष 2023 से प्रक्रिया चल रही है. उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता के शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान डेढ़ दर्जन अभ्यर्थियों की मौत हो गयी थी. कई केंद्रों पर दौड़ के दौरान ऐसी घटनाएं हुई थीं. इस घटना के बाद काफी विरोध भी हुआ था.
इसके बाद राज्य सरकार ने सिपाही नियुक्ति नियमावली में संशोधन कर नयी नियमावली लागू की है. सात चयन पर्षद के माध्यम से शारीरिक दक्षता परीक्षण का आयोजन 22 अगस्त 2024 से 20 सितंबर 2024 तक किया गया था. उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा के तहत 583 पदों के लिए साढ़े छह लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन दिया था. स्क्रूटनी के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षण में लगभग 5,13,832 अभ्यर्थी शामिल हुए.



