
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला के जुगसलाई नगर परिषद पार्क में बिना अनुमति पटाखा दुकानों के लगने पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें 19 अक्टूबर को रात तकरीबन 9:00 बजे बंद करवा दिया, पर आज सुबह यानि की 20 अक्टूबर को येन केन प्रकार से पटाखा व्यापारी पुन: जुगसलाई नगर परिषद पार्क में संगठित होकर खुलेआम फटाका बेच रहे हैं.
ज्ञात हो कि जिला प्रशासन ने जुगसलाई के आर पी पटेल मैदान के लिए 48 अस्थाई पटाखा लाइसेंस जारी किया था, इसके बावजूद जुगसलाई के दर्जनों फटाका कारोबारी कानून को ताक पर रखकर जुगसलाई नगर परिषद पार्क में बेचते देखे जा रहे हैं.
उपरोक्त स्थल पर पटाखा कारोबारी द्वारा कोई भी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं, वहीं दूसरी ओर संभवत: वैध लाइसेंस के अभाव में जिला प्रशासन ने भी उपरोक्त स्थल पर अग्निशमन वाहन उपलब्ध नहीं कराया हैं.
ऐसे में आगजनी एवं बड़ी घटना के समय नुकसान एवं क्षति को कैसे कम किया जा सकता है ,यह पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुरूप उपरोक्त स्थल पर ताला जड़ने के पहले जुगसलाई नगर परिषद ने रविवार की शाम सभी दुकानदारों को नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया कि उन्होंने अवैध तरीके से दुकानें लगाई हैं। दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि वे दुकान हटाएं अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बीच कुछ दुकानदारों ने विधायक मंगल कालिंदी को मामले की जानकारी दी थी. इसके बाद ही अवैध पटाखा कारोबारी को संजीवनी बूटी प्राप्त हुआ और सुबह से अवैध कारोबारी,अवैध कारोबार में जुट गए.
अब देखना है कि पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन, अनुमंडल पदाधिकारी, जुगसलाई थाना एवं जुगसलाई नगर परिषद उपरोक्त अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर क्या कार्रवाई करती है!
