


Ghaziabad : करीब पांच साल के लंबे अंतराल के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा एक बार फिर शुरू हो गई है. रविवार सुबह गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन से यात्रा का पहला जत्था रवाना हुआ. 50 यात्रियों के इस पहले जत्थे को उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह यात्रा पांच साल बाद दोबारा शुरू की गई है और 25 अगस्त तक यात्रियों के जत्थे लगातार रवाना होते रहेंगे. उन्होंने बताया कि कैलाश मानसरोवर भवन में 288 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है और यूपीएसटीडीसी सभी जरूरी सुविधाओं का प्रबंधन देख रहा है.
यात्रियों को मिलेगा सरकारी अनुदान
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यात्रा पूरी कर लौटने वाले यात्रियों को प्रदेश सरकार की ओर से 1 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा. इसके लिए यात्रियों को केवल एक फॉर्म भरना होगा. उन्होंने पहले जत्थे के यात्रियों को शुभकामनाएं दीं और सुखद यात्रा की कामना की.
इन प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, आचार्य प्रमोद कृष्णम और भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.



