


Jamshedpur. कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. अंजिला गुप्ता की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के पदाधिकारियों व प्राचार्यों की विशेष बैठक महिला विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित की गयी. बैठक में कुलपति ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पाठ्यक्रम समय पर पूरा किए जाएं और परीक्षाएं नियत समय पर आयोजित की जाए. इसके तहत उन विषयों में जहाँ शिक्षक नहीं हैं, वहां अन्य महाविद्यालयों से शिक्षकों को आंतरिक परीक्षा और अध्यापन के लिए भेजने का निर्णय लिया गया.
समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने का निर्देश
बैठक में कुलपति ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित पाठ्यक्रम हर हाल में समय पर पूरा किया जाए और परीक्षाएं नियत तिथि पर आयोजित हों. उन्होंने कहा कि जिन महाविद्यालयों में शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां अन्य महाविद्यालयों से अतिरिक्त शिक्षकों को अध्यापन और आंतरिक परीक्षाओं के लिए भेजा जाएगा.
सत्र नियमित करने का निर्णय
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पिछड़े हुए सत्र को भी नियमित किया जाएगा. इसके लिए शीघ्र परीक्षा आयोजित करने से पहले पाठ्यक्रम पूरा करने के विशेष प्रयास होंगे. साथ ही, छात्र संगठनों की मांगों को ध्यान में रखते हुए छात्रहित में ठोस कदम उठाए जाएंगे.
भवनों की स्थिति पर प्रतिवेदन मांगा
कुलपति ने सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने अधिसंरचनाओं की विस्तृत रिपोर्ट विश्वविद्यालय को दें. इस रिपोर्ट में विशेषकर जर्जर भवनों का उल्लेख हो, ताकि यह तय किया जा सके कि किन भवनों की मरम्मत की आवश्यकता है और किन्हें ध्वस्त किया जाना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अत्यधिक जर्जर भवनों में कक्षाएं नहीं लगाई जाएं और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए.
कर्मियों की सेवा पुस्तिका पर जोर
सभी प्राचार्यों को निर्देश दिया गया कि कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका अद्यतन की जाए और सभी छुट्टियां हर माह अंकित की जाएं. ऐसा न होने से सेवानिवृत्ति लाभ प्रारंभ करने में कठिनाई आती है. सेवानिवृत्त कर्मियों एवं शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र निपटारे पर भी सहमति बनी.



