Jamshedpur. सोनारी मरीन ड्राइव के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद झारखंड के परिवहन एवं राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ सख्त रुख अपनाते हुए नजर आ रहे हैं. मंत्री ने सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश जारी किए हैं और आम जनता से नियमों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करने की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर स्पष्ट कहा कि सड़क पर की गई थोड़ी सी भी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए हर नागरिक को सतर्क रहना अनिवार्य है.

मंत्री दीपक बिरुआ गंभीर है. यही वजह है कि उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि सड़कों के किनारे अवैध और बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाने वाले ट्रकों व अन्य भारी वाहनों पर प्रशासन अब कड़ी कार्रवाई करेगा. उन्होंने निर्देश दिया कि मरीन ड्राइव समेत राज्यभर के तमाम दुर्घटना आशंकित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों में अवैध पार्किंग के खिलाफ व्यवस्था को बेहद सख्त और असरदार बनाया जाएगा, ताकि हादसों की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके.

