Site icon Lahar Chakra

Miss World 2025: थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री के सिर सजा मिस वर्ल्ड का ताज, भारत की नंदिनी गुप्ता शीर्ष आठ में भी जगह बना पाने में रहीं नाकाम

Hyderabad. थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री को शनिवार को यहां आयोजित ग्रैंड फिनाले के बाद 72वीं मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया गया. इथियोपिया की हासेट डेरेजे एडमसु को उपविजेता घोषित किया गया. भारत की प्रतिभागी नंदिनी गुप्ता शीर्ष 8 में पहुंचने से पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गईं. आयोजकों के अनुसार, तेलंगाना में एक महीने तक उद्देश्यपूर्ण गतिविधियों, सांस्कृतिक मिलन और उद्देश्य-संचालित गतिविधियों के जीवंत कार्यक्रमों के बाद, दुनिया भर से पहुंची 108 प्रतिभागियों ने विश्व सौंदर्य प्रतियोगिता में मिस वर्ल्ड का ताज जीतने के लिए प्रतिस्पर्धा की. विजेता ओपल, अंतरराष्ट्रीय संबंधों की छात्रा हैं. उन्हें मनोविज्ञान और मानव विज्ञान में रुचि है और वह राजदूत बनना चाहती है.

उन्होंने स्तन कैंसर के क्षेत्र में काम करने वाले संगठनों के लिए स्वयंसेवी के तौर पर काम किया है. मिस वर्ल्ड वेबसाइट के अनुसार, ओपल को उकेलेले (वाद्य यंत्र) बजाने में भी महारत हासिल है. उनके पास सोलह बिल्लियां और पांच कुत्ते हैं. मिस वर्ल्ड की अध्यक्ष जूलिया मोर्ले सी.बी.ई. ने जूरी का नेतृत्व किया और 72वीं मिस वर्ल्ड की विजेता की घोषणा की. अभिनेता सोनू सूद को प्रतिष्ठित मिस वर्ल्ड मानवतावादी पुरस्कार दिया गया.

भारत की नंदिनी गुप्ता यदि यह प्रतियोगिता जीत जातीं तो वह विश्व सुंदरी का खिताब हासिल करने वाली देश की सातवीं हस्ती होतीं. 2017 में मानुषी छिल्लर के सिर पर यह ताज सजा था. भारत की पहली मिस वर्ल्ड रीता फारिया थीं, जिन्होंने 1966 में यह ताज जीता था। संयोग से, वह पहली एशियाई मिस वर्ल्ड भी थीं. ऐश्वर्या राय ने 1994 में, डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999) और प्रियंका चोपड़ा ने 2000 में यह खिताब जीता था.

Exit mobile version