


Jamshedpur.कपाली नगर परिषद अध्यक्ष चुनाव में परवेज आलम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरवर आलम को 1917 मतों के बड़े अंतर से हराय। शुक्रवार को सरायकेला के काशी साहू कॉलेज में हुई मतगणना के बाद घोषित नतीजों में परवेज आलम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। चार राउंड की कड़ी मतगणना के बाद आए अंतिम आंकड़ों में परवेज आलम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरवर आलम को 1917 मतों के भारी अंतर से पराजित किया।
मतगणना की शुरुआत से ही परवेज आलम ने बढ़त बनानी शुरू कर दी थी, जो हर राउंड के साथ और मजबूत होती गई। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे परवेज आलम को कुल 6266 मत प्राप्त हुए। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित उम्मीदवार सरवर आलम को 4349 मतों से ही संतोष करना पड़ा। इस परिणाम को कपाली क्षेत्र में एक बड़े राजनीतिक बदलाव और जन-आकांक्षाओं के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
जीत दर्ज करने के बाद परवेज आलम ने मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि कपाली के हर एक नागरिक के भरोसे की जीत है। जनता ने विकास और बदलाव के नाम पर वोट दिया है।



