


Jamshedpur. टाटा-रांची मार्ग (NH 33) पर तमाड़ के भुइयांडीह बाजार में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जमशेदपुर की ओर आ रही एक यात्री बस ने सड़क पर खड़े एक खराब ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस ट्रक को करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए एक सब्जी दुकान में जा घुसी. हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं बस में सवार दर्जनों यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं.
गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ. सूचना मिलते ही तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को हटाने का प्रयास शुरु कर दिया गया. वहीं, तमाड़ के पूर्व मुखिया रमेश मुंडा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने एनएचएआई से आग्रह किया कि सड़क पर खराब हो चुके वाहनों को शीघ्र हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. दुर्घटना के कारण करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा. क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटाकर आवागमन बहाल किया गया.



