

Dhanbad. निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के समीप बुधवार शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में चांडिल के कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड का वांछित शूटर सागर उर्फ शिबू घायल हो गया। पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए SNMMCH में भर्ती कराया गया।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी सागर उर्फ शिबू वर्ष 2017 के नीरज सिंह हत्याकांड का आरोपी भी रहा है। इसके अलावा वह चांडिल में हुए कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में भी वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, सागर उर्फ शिबू किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से निरसा पहुंचा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें शिबू को गोली लगी। पुलिस जांच में इस मामले में अन्य अपराधियों की संलिप्तता की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे नेटवर्क और शिबू के निरसा पहुंचने के मकसद की जांच कर रही है।

