Mumbai. देश के सबसे बड़े शेयर बाजार एनएसई ने शुक्रवार को अपने बहुप्रतीक्षित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) का अंतिम खाका पेश किया। मौजूदा शेयरधारक अब 12.64 करोड़ शेयरों की ही बिक्री पेशकश करेंगे जबकि निर्गम के लिए 1,700-1,785 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया गया है। आईपीओ पूरी तरह मौजूदा शेयरधारकों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। इसके जरिये 21,494 करोड़ रुपये से लेकर 22,569 करोड़ रुपये तक जुटाए जाने की उम्मीद है।

आम निवेशकों के लिए निर्गम 17 सितंबर को खुलकर 21 सितंबर को बंद होगा, जबकि बाजार सूचीबद्धता 24 सितंबर को होने की संभावना है। मौजूदा शेयरधारकों ने पहले 14.9 करोड़ शेयर बेचने का संकेत दिया था, लेकिन अब बिक्री के लिए पेश किए जाने वाले शेयरों की संख्या घटाकर 12.64 करोड़ कर दी गई है।


