New Delhi. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) के शेयर में बृहस्पतिवार को कारोबार के पहले दिन करीब एक प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। शेयर 1,785 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 1,800 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। बीएसई पर एनएसई का शेयर 1,800 रुपये पर खुला, जो निर्गम मूल्य से 0.84 प्रतिशत अधिक है। बाद में कारोबार के दौरान शेयर 3.36 प्रतिशत बढ़कर 1,845 रुपये पर पहुंच गया। एनएसई का बाजार मूल्यांकन 4,53,123 करोड़ रुपये रहा।

देश के दूसरे सबसे बड़े आईपीओ के रूप में एनएसई के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन करीब छह गुना अभिदान मिला था। संस्थागत निवेशकों की मजबूत मांग से आईपीओ को अच्छा समर्थन मिला।

यह पेशकश 2024 में हुंदै मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के आईपीओ के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम था। एनएसई के आईपीओ ने 2022 में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के 21,000 करोड़ रुपये के आईपीओ को पीछे छोड़ दिया। आईपीओ के लिए प्रति शेयर 1,700 से 1,785 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया था।

