


Ranchi.झारखंड के पूर्व सीएम और ओड़िशा के निवर्तमान राज्यपाल रघुवर दास शनिवार को खिजरी विधानसभा के सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए. मौके पर उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा कोई पारिवारिक पार्टी नहीं है. यह एक विचारधारा की पार्टी है. हमारा सिद्धांत सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और अंत्योदय है. भाजपा को पार्टी का कार्यकर्ता ही मजबूती प्रदान करता है.
रघुवर दास ने कहा कि बिना हार और जीत की चिंता किये जनता को जोड़ने का काम कार्यकर्ता करता है. आज हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि हम राज्य सरकार की कमियों को जनता तक ले जायें. उन्हें समझाएं और बतायें कि किस तरह से राज्य सरकार हमारे अधिकारों का हनन कर रही है. राज्य में भाजपा की सरकार बनानी है तो कार्यकर्ताओं को गांवों तक जाना होगा. आज राज्य की जनता के बीच कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार को लेकर त्राहिमाम है.
राज्य सरकार की तुष्टिकरण नीति के कारण आज सनातन धर्म को मानने वाली जनता अपना पर्व त्योहार भी खुल कर नहीं मना सकती है. चाहे रामनवमी हो, सरहुल हो या कोई और पर्व हो, उसमें एक विशेष समुदाय के द्वारा व्यवधान उत्पन्न किया जाता है. मौके पर पूर्व विधायक राम कुमार पाहन सहित अन्य भी उपस्थित थे.



