Ayodhya . अयोध्या को नेपाल के जनकपुर से जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी और 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में तय करेगी। यह ट्रेन 10 स्टेशनों से गुजरेगी। अधिकारियों ने कहा कि यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी, जबकि जनकपुर धाम से यह प्रत्येक शनिवार को रवाना होगी। इससे दोनों धार्मिक केंद्रों के बीच सीधा रेल संपर्क उपलब्ध हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि 17-कोच लिंक-हॉफमैन-बुश (एलएचबी) रेक वाली इस ट्रेन में 1,158 यात्रियों की क्षमता होगी और इसमें आठ एसी कोच, सात स्लीपर कोच, एक सीटिंग कोच और एक पावर कोच होंगे। एसी कोच में दो एसी टू-टियर कोच होंगे जिसमें प्रत्येक में 52 बर्थ होंगी। इसी तरह, इस ट्रेन में तीन एस थ्री-टियर कोच होंगे जिसमें प्रत्येक में 72 बर्थ होंगी और तीन एस थ्री टियर इकोनॉमी कोच होंगे जिसमें प्रत्येक में 80 बर्थ होंगी। वहीं सात स्लीपर कोचों में प्रत्येक में 80 बर्थ होंगी जबकि लगेज-कम-सीटिंग कोच में 38 सीटें होंगी।

अधिकारियों के मुताबिक, इस ट्रेन का ठहराव जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकपुर और अयोध्या धाम होगा। यह ट्रेन माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या से जोड़ेगी और इससे रामायण से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों के मजबूत होने की संभावना है।

