Jamshedpur. दीपावली-छठ में जहां बाहर से झारखंड आने वाली ट्रेनों की सीटें फुल हो चुकी हैं, वहीं हवाई किराया भी आसमान छूने लगा है। इस वर्ष दिवाली 8 नवंबर को, 13-16 नवंबर को छठ है। हवाई मार्ग से धनबाद आने के लिए रांची, दुर्गापुर व देवघर की फ्लाइट पकड़नी पड़ती है। 6 नवंबर को दिल्ली सहित इन तीनों जगहों का हवाई किराया करीब दोगुना हो गया है। जबकि मुंबई व बेंगलुरु से रांची, दुर्गापुर व देवघर का किराया लगभग तीन गुना हो चुका है। लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें न मिलने से जो लोग विमान से आना पसंद करते हैं, वह किराया बढ़ने से परेशान हो उठे हैं। वहीं, त्योहारों के दौरान बड़े शहरों में काम करने वाले झारखंड के लोगों को घर लौटने में परेशानी हो रही है। तय ट्रेनों में सीटें नहीं मिल रही हैं और लंबी वेटिंग लिस्ट है। इसे देखते हुए भारतीय रेलवे लगातार पूजा स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। बड़ी संख्या में लोग छठ करने परिवार के साथ बिहार जाते हैं।

उन्होंने 60 दिन पहले से ही विभिन्न ट्रेनों में आरक्षण करा रखा है। 6 व 7 नवंबर को वनांचल, मौर्य, रांची-गोरखपुर सहित बिहार जाने वाली कई अन्य ट्रेनों के सभी श्रेणी में सीट फुल हो चुकी हैं। हालांकि पटना जाने के लिए गंगा-दामोदर, धनबाद-पटना और पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में सीटें उपलब्ध हैं। अभी तक किसी स्पेशल ट्रेन की घोषणा नहीं हुई है।


