


रांची:
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य पुलिस सेवा के कई अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हाल ही में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) रैंक में प्रोन्नत अधिकारियों को बैच पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिष्टाचार भेंट करने वालों में राम समद, रोशन गुड़िया, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, मजरूल होदा तथा दीपक कुमार शामिल थे। उल्लेखनीय है कि इन सभी अधिकारियों को हाल ही में आईपीएस रैंक में पदोन्नति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार एवं पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा भी उपस्थित रहीं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भी नव-प्रोन्नत अधिकारियों को आईपीएस बैच पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री से डीजीपी तदाशा मिश्रा की शिष्टाचार भेंट, नियुक्ति पर दी बधाई
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्रीमती तदाशा मिश्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीमती मिश्रा को पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के पद पर नियुक्ति एवं पदस्थापन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में राज्य की कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा पुलिस बल जनहित में पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।




