


Chatra. झारखंड के चतरा में गुरुवार की रात सड़क दुर्घटना में कार सवार एक युवती की मौत हो गई। जबकि पांच लोग जख्मी हो गए। सभी एक ही परिवार से हैं और इटखोरी में रिसेप्शन में जा रहे थे. हादसा चतरा सिमरिया मार्ग पर हफुवा गांव के पास हाइवा की टक्कर से हुआ. मृतका की पहचान रामगढ़ जिले के सयाल निवासी मुकेश राम की 18 वर्षीय पुत्री रीया कुमारी के रूप में हुई है.
रीया दुल्हन की मौसेरी बहन थी, जबकि घायलों में हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के जोरदाग गांव निवासी सुजीत राम, इनकी पत्नी गेंदरी देवी, बेटी अराध्या कुमारी, बेटा महाबीर दास व एक रिश्तेदार पिंकी कुमारी का नाम शामिल है.
हाइवा ने सामने से मारी टक्कर
मृतक व घायल सभी कार से रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने के लिए इटखोरी जा रहे थे. इसी दौरान हफुवा गांव के पास विपरीत दिशा से जा रही एक कोल वाहन हाइवा ने सामने से कार को अपनी चपेट में ले लिया. इसमें सवार रीया कुमारी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. जबकि अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के मदद से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हजारीबाग रेफर किया गया है.



