Rourkela. ओडिशा के राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में एक महिला यात्री से दुष्कर्म का गंभीर आरोप सामने आया है. युवती का आरोप है कि कन्फर्म टिकट दिलाने के बहाने रेलवे कर्मचारी उसे प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास स्थित वाल्व रूम में ले गया और वहां दुष्कर्म किया. शिकायत के बाद जीआरपी ने आरोपी रेलकर्मी कपिलेश्वर सिंह को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है. दुष्कर्म के आरोपी कपिलेश्वर सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है. राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में युवती से ऑफिसर गेस्ट हाउस के पास ही वॉल्व रेस्टरूम में दुष्कर्म की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. जीआरपी, आरपीएफ, वन स्टॉप सेंटर और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बावजूद रेलवे के ही कर्मचारी ने इस वारदात को अंजाम दे दिया.

कपिलेश्वर ने कन्फर्म टिकट दिलाने का झांसा देकर महिला यात्री के साथ दुष्कर्म किया था. चक्रधरपुर रेल डिवीजन के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने आरोपी की बर्खास्तगी की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना संज्ञान में आने के बाद गुरुवार को ही आरोपी पर कार्रवाई की गयी है.

वहीं, कपिलेश्वर को रेलवे पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश कर दिया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पीड़िता की लिखित शिकायत के अनुसार, राउरकेला रेलवे स्टेशन पर वह जब ट्रेन की प्रतीक्षा कर रही थी, इसी दौरान कपिलेश्वर आया और उसने खुद को रेलकर्मी बताकर उसका टिकट देखा. कपिलेश्ववर ने पीड़िता को बताया कि उसका टिकट कन्फर्म नहीं है, लेकिन वह उसकी मदद करेगा. यह कहकर वह पीड़िता को अपने साथ ऑपरेटर रूम में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया.

