


Rajnagar. सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर के लाकड़ाकोचा में रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. यहां एक बाइक रास्ते में खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि घटना तड़के साढ़े तीन बजे तब हुई जब बाइक सवार चाईबासा से जमशेदपुर जा रहे थे. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि पुलिस की एक टीम उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग जमशेदपुर के निवासी थे. बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर चाईबासा जा रहे थे. सुबह तड़के करीब चार बजे लकड़ाकोचा मोड़ के पास खड़े एक ट्रक से उनकी तेज रफ्तार बाइक टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, एक युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान बारीडीह, बागुनहातु, जमशेदपुर के रहने वाले लखन कुमार के रूप में हुई है. वहीं, अन्य दो युवकों की पहचान 23 वर्षीय राहुल सांडिल और 20 वर्षीय संजय लोहार के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि तीनों युवक चाईबासा में अपनी बहन के घर जा रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.



