


Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में लापता दो युवकों के शव जमीन के अंदर दबे मिले. दोनों शव रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास वन क्षेत्र से बरामद किए गए हैं. मृतकों की पहचान राहुल हांसदा व तपन प्रधान के रूप में हुई है. परिजनों ने 20 अगस्त को दोनों के लापता होने की शिकायत कांड्रा थाने में दर्ज कराई थी. परिजनों ने अपहरण की आशंका भी जताई थी.
इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दो युवकों को हिरासत में लिया. पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिले. इसके आधार पर रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास तलाशी अभियान चलाया गया. खुदाई के दौरान जमीन में गाड़े गए दोनों युवकों के शव बरामद किये गये.पुलिस को शुरुआती जांच में घटना के पीछे मोबाइल चोरी से जुड़े विवाद की आशंका है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस हत्या की वजह, मोबाइल चोरी से संबंध और अन्य लोगों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

