


Saraikela.सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा मोड़ के पास गुरुवार देर शाम रंगदारी को लेकर एक बार फिर अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया. न्यू मंडल स्टोर के मालिक चित्तरंजन मंडल को रंगदारी नहीं देने पर गोली मार दी गई. गंभीर रूप से घायल चित्तरंजन को स्थानीय लोगों ने तुरंत टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. उन्हें कमर और जांघ के बीच गोली लगी है. घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा भी बरामद किया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीन अपराधी बाइक पर सवार होकर दुकान पर आए थे. रंगदारी को लेकर दुकानदार से विवाद के बाद उन्होंने गोली चला दी और सरायकेला की ओर फरार हो गए.
श्रवण महतो और उसके गिरोह पर लगा आरोप
इस हमले का आरोप कांड्रा के कुख्यात और फरार अपराधी श्रवण महतो और उसके गिरोह पर लगा है. यही गिरोह 19 अप्रैल को भी कांड्रा में सीमेंट कारोबारी संजय बर्मन को 10 लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर गोली मार चुका है. पुलिस उस मामले में भी अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. अब एक बार फिर 21 दिन बाद उसी गिरोह ने दुस्साहस दिखाते हुए चित्तरंजन मंडल को निशाना बनाया, जिससे पूरे इलाके में खौफ का माहौल बन गया है. लगातार दो बड़ी घटनाओं के बावजूद पुलिस की नाकामी पर अब स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों का आक्रोश फूट पड़ा है. पुलिस पर अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रहने के आरोप लग रहे हैं.



