
सरायकेला-खरसावां । आदित्यपुर नगर निगम और नगर परिषद कपाली क्षेत्र में चल रही पेयजल योजनाओं की प्रगति को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में JUDCO, जिंदल, शापूरजी पालनजी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न जलापूर्ति परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।
उपायुक्त ने परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि नागरिकों को समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी एजेंसियों को 31 जुलाई 2026 तक शेष कार्य हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।
सीतारामपुर 30 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में देरी पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान आदित्यपुर-2 स्थित सीतारामपुर 30 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं होने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसियों ने 15 जुलाई तक जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन समयसीमा का पालन नहीं किया गया, जिससे हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने अधिकारियों से परियोजना में आ रही तकनीकी समस्याओं, भूमि संबंधी मामलों और अन्य बाधाओं की जानकारी ली तथा सभी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
31 जुलाई तक हर घर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
उपायुक्त ने JUDCO, जिंदल और शापूरजी पालनजी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने, जलापूर्ति नेटवर्क विस्तार और अन्य सभी अधूरे कार्य 31 जुलाई तक गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा का दोबारा उल्लंघन हुआ तो विभागीय नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कपाली क्षेत्र की योजनाओं की भी हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में नगर परिषद कपाली क्षेत्र में चल रही पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अधूरे कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं ताकि प्रत्येक लाभुक तक नियमित और निर्बाध पेयजल पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग करने और बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त अज़ाज़ अनवर, JUDCO, जिंदल, शापूरजी पालनजी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
